Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला, नगर में मचा हड़कंप, टूटी घेराबंदी ने खोली सुरक्षा व्यवस्था की पोल

तखतपुर। छत्तीसगढ़ के तखतपुर नगर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुराना बस स्टैंड क्षेत्र स्थित मोबाइल टावर पर एक महिला अचानक 100 फीट से ज्यादा ऊंचाई तक चढ़ गई। महिला को टावर के ऊपर देखकर आसपास के लोगों की सांसें थम गईं। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला काफी देर से टावर पर ही मौजूद है। स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। महिला की स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के सामने उसे सुरक्षित नीचे उतारना चुनौती बना हुआ है।

बिजली सप्लाई बंद, रेस्क्यू की तैयारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी सतीश साहू ने बताया कि महिला के मोबाइल टावर पर चढ़ने की सूचना मिली थी, जिसके बाद तत्काल पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। महिला को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया जा रहा है। थाना प्रभारी के मुताबिक, महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात सामने आ रही है, जिसके चलते रेस्क्यू ऑपरेशन में अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर बिजली विभाग से संपर्क कर बिजली सप्लाई बंद करा दी गई है। वहीं, संबंधित मोबाइल टावर कंपनी के कर्मचारियों को भी मौके पर बुलाया गया है। जल्द ही महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया जाएगा।

टूटी घेराबंदी ने खोली टावर कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था की पोल

महिला के टावर पर चढ़ने की घटना ने मोबाइल टावर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि टावर परिसर की सुरक्षा के लिए लगाई गई घेराबंदी कई जगह से टूट चुकी है। इसके चलते कोई भी व्यक्ति आसानी से टावर परिसर में प्रवेश कर सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि टूटी हुई घेराबंदी सिर्फ इंसानों के लिए ही नहीं, बल्कि जानवरों के लिए भी खतरा बनी हुई है। सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के कारण टावर परिसर तक आम लोगों की पहुंच आसान हो गई है। महिला के 100 फीट से अधिक ऊंचे टावर पर चढ़ने की घटना ने कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर कमियों को उजागर कर दिया है। फिलहाल पुलिस, बिजली विभाग और टावर कंपनी की टीम महिला को सुरक्षित नीचे उतारने में जुटी हुई है। मौके पर लोगों की भीड़ जमा है और सभी की नजर रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button