Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

ड्रिंक एंड ड्राइव पर रायपुर ट्रैफिक पुलिस की सख्ती, नशे में मिले 51 वाहन चालक, अब तक 3,957 मामलों में हुई कार्रवाई

रायपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 30 अगस्त की रात अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात राम कुमार बर्मन के नेतृत्व और सभी सहायक पुलिस आयुक्त यातायात की उपस्थिति में शहर के 9 प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया।

ब्रीथ एनालाइजर से हुई जांच

इस दौरान आधुनिक ब्रीथ एनालाइजर से जांच के दौरान 44 कार, 4 टाटा एस पिकअप, 2 ट्रक/टैंकर और 1 बस समेत कुल 51 वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए। सभी के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

2026 में अब तक 3957 मामलों में कार्रवाई

यातायात पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक कुल 3957 ड्रिंक एंड ड्राइव मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। नशे की अवस्था में वाहन चलाने से चालक की निर्णय क्षमता, प्रतिक्रिया समय और वाहन पर नियंत्रण प्रभावित होता है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस द्वारा जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।

डीसीपी ट्रैफिक ने की अपील

डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने नागरिकों से अपील की है कि शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। आवश्यकता होने पर टैक्सी, सार्वजनिक परिवहन या परिवार के किसी सदस्य की सहायता लें। नशे में वाहन न चलाना स्वयं के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन की सुरक्षा के प्रति भी जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ यातायात पुलिस का यह अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button