“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत रोजवुड कॉलोनी में पौधारोपण कर, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

रायपुर। बोरियाकला स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के रोजवुड क्षेत्र में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रोजवुड रेजिडेंशियल वेलफेयर सोसाइटी द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान आम, जामुन, कटहल, कनेर, बेल सहित विभिन्न फलदार, छायादार और उपयोगी पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कॉलोनीवासियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।
सोसाइटी के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत कोसरिया ने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वस्थ पर्यावरण तैयार करने का संकल्प है। उन्होंने बताया कि कॉलोनी में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सोसाइटी लगातार प्रयास कर रही है .

कार्यकारी अध्यक्ष राकेश दास वैष्णव ने कहा कि पेड़ हमारे जीवन का आधार हैं। बढ़ते शहरीकरण के बीच अधिक से अधिक पेड़ लगाना और उनकी नियमित देखभाल करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कॉलोनीवासियों से पौधों को परिवार के सदस्य की तरह संरक्षित करने की अपील की।
सोसाइटी के सलाहकार संतोष कुमार वाहने ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि मां जीवन देती है और पेड़ भी जीवनदायी हैं। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अपनी मां के सम्मान में पौधा लगाने और उसे बड़ा करने का संकल्प लेने की अपील की।
सचिव सौरभ सिंह ने कहा कि पौधारोपण के साथ पौधों की नियमित सिंचाई, देखभाल और सुरक्षा भी जरूरी है। वहीं कोषाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने कहा कि पेड़ शुद्ध हवा, छाया और फल सहित कई प्राकृतिक संसाधन प्रदान करते हैं। आज लगाए गए पौधे भविष्य में पूरी कॉलोनी के लिए प्राकृतिक धरोहर बनेंगे।
वरिष्ठ सदस्य राजेंद्र सिंह गौर ने पर्यावरण संरक्षण को प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व बताते हुए अधिक से अधिक लोगों और बच्चों को पौधारोपण व प्रकृति संरक्षण से जोड़ने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में सलाहकार सुकांत मिश्रा और जी.पी. ताम्रकार, उपाध्यक्ष छन्नूलाल साहू, संगठन सचिव के.सी. मजूमदार सहित वरिष्ठ सदस्य राजेंद्र सिंह गौर, अनिल सहारे, सुब्रतो सरकार, अमृतलाल चौधरी, भुवन लाल साहू, अमित अग्रवाल, बादल लाखा, अविनाश अभिमन्यु समेत बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण, अधिकाधिक पौधारोपण और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया। सोसाइटी ने भविष्य में भी पर्यावरण जागरूकता और पौधारोपण से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।




