Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

प्रोजेक्ट धड़कन, स्मृति पुस्तकालय और प्रोजेक्ट दधीचि की ऋचा शर्मा ने की सराहना

रायपुर। जिले की प्रभारी सचिव एवं अपर उप सचिव ऋचा शर्मा ने आज रेडक्रॉस सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों को शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सुशासन और नवाचार के क्षेत्र में अनेक कार्य किए जा रहे हैं। नागरिकों को सेवा-सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जनसुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों को सतही तौर पर न लिया जाए, बल्कि उनका वास्तविक रूप से निराकरण किया जाए।

उन्होंने कहा कि यदि दस्तावेजों के अभाव में किसी प्रकरण को निरस्त किया जा रहा है तो इसके लिए वीएलसी एवं सेवा-सेतु केंद्रों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि हितग्राहियों के सभी आवश्यक दस्तावेजों को सही तरीके से अपलोड कराया जा सके।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा करते हुए श्रीमती शर्मा ने कहा कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजना का लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए राजस्व विभाग फौती एवं खाता विभाजन के प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करे। साथ ही, लंबे समय से लंबित संयुक्त खाता विभाजन के प्रकरणों का भी शीघ्र निराकरण किया जाए, ताकि पात्र किसानों को योजना का लाभ प्राप्त हो सके।

उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा संचालित प्रोजेक्ट धड़कन, स्मृति पुस्तकालय एवं प्रोजेक्ट दधीचि की सराहना करते हुए कहा कि इन नवाचारों के प्रति अधिक से अधिक लोगों में जागरूकता लाई जाए।

स्वास्थय विभाग की समीक्षा के दौरान श्रीमती शर्मा ने कहा कि बारिश के मौसम में विभिन्न बीमारियों एवं महामारी की आशंका बनी रहती है। इसे देखते हुए आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मितानिनों की दवा पेटियों को समय-समय पर रीफिल कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक जनपद में एक स्वस्थ पंचायत विकसित की जाए, जहां सभी महिलाओं और बच्चों का नियमित स्वास्थय परीक्षण कराया जाए।

शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने पीएम श्री स्कूलों में निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रायपुर राजधानी होने के कारण यहां परख पोर्टल (प्रदर्शन मूल्यांकन, समीक्षा और समग्र विकास के लिए ज्ञान का विश्लेषण) में उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखा जाए।

श्रीमती शर्मा ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि गांवों के तालाबों में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न हो, यह सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि रायपुर जिले में हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षाओं के परिणामों में वृद्धि हुई है। अगले वर्ष श्रेणीगत परिणामों में और बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य रखा जाए।

श्रीमती शर्मा ने पीएम सूर्यघर योजना का लक्ष्य जल्द पूरा करने तथा अधिक से अधिक लोगों को योजना के प्रति प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी शासकीय कार्यालयों में अधिकारियों को ऊर्जा ऑडिट कराने के लिए भी कहा।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बताया कि जिले के सभी स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में वीएनआर सीड्स के साथ जिला प्रशासन द्वारा अनुबंध किया गया है। इसके तहत सभी स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अमरूद और लौकी के बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे बच्चों को स्वस्थ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। कलेक्टर ने ‘आओ बांटें खुशियां’ प्रोजेक्ट के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व में जिले के लोगों में न्योता भोज के प्रति जागरूकता कम थी, लेकिन इस प्रोजेक्ट के बाद अब तक 7 हजार से अधिक लोगों ने अपना जन्मदिन अपने नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्कूलों में मनाया है।

बैठक में एसीएस रिचा शर्मा ने प्रोजेक्ट धड़कन एवं प्रोजेक्ट दधीचि के हितग्राहियों व स्मृति पुस्तकालय के दानदाताओं को सम्मानित किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, एसीपी अमित तुकाराम काम्बले, रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता सिन्हा, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, एडीएम उमाशंकर बंदे सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button