
रायपुर। पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय एवं डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय, रायपुर के नाक, कान एवं गला (ईएनटी) विभाग द्वारा बी.ए.एस.एल.पी. (बैचलर ऑफ ऑडियोलॉजी एंड स्पीच लैंग्वेज पैथोलॉजी) प्रथम वर्ष सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
विभागाध्यक्ष नाक, कान एवं गला (ईएनटी) विभाग के कार्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र एवं प्रॉस्पेक्टस www.raipurbaslp.org से डाउनलोड कर पूर्ण रूप से भरकर निर्धारित प्रारूप में स्पीड पोस्ट या रजिस्टर्ड पोस्ट के माध्यम से भेजना होगा। आवेदन फार्म जमा करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त निर्धारित की गई है। विलंब शुल्क 100 रुपये के साथ आवेदन 13 अगस्त तक स्वीकार किए जाएंगे।
सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 600 रुपये तथा छत्तीसगढ़ के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 350 रुपये निर्धारित किया गया है। आवेदन शुल्क का डिमांड ड्राफ्ट “BASLP Course, Pt. J.N.M. Medical College, Raipur (C.G.)” के नाम से देय होगा।
आवेदन पत्र Room No. 244 DEPARTMENT OF ENT, AUDIOLOGY AND SPEECH THERAPY UNIT, Dr. B.R.A.M. Hospital Raipur (C.G.) Pin.-492001 के पते पर भेजा जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत प्रारंभिक मेरिट सूची 20 अगस्त को संस्थान की वेबसाइट www.raipurbaslp.org पर जारी की जाएगी।
मेरिट सूची में दावा आपत्ति के लिए अभ्यर्थी 31 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए ऑनलाईन आवेदन डाउनलोड कर, हार्ड कॉपी भर कर coursecoordinatorbaslp@gmail.com में मेल या विभाग में जमा कर सकते है। उक्त दिनांक के बाद दावा आपत्ति के लिए किए गए आवेदन स्वीकार नहीं किये जाएंगे।
दावा-आपत्ति के निराकरण के बाद अंतिम मेरिट सूची 9 सितंबर को प्रकाशित की जाएगी। प्रवेश के लिए काउंसलिंग दिनांक 16.09.2026 को आयोजित की जाएगी। प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को प्रॉस्पेक्टस का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने तथा कार्यालयीन समय में दूरभाष संख्या 0771-2890137 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।




