Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

नदी में फंसे मजदूरों का सुरक्षित रेस्क्यू , पेड़ का सहारा लिया, पूरा प्रशासन रहा मौके पर मौजूद

गरियाबंद। बगनई नदी के आए बाढ़ से निर्माणाधीन पुल में काम करने वाले मजदूर फंस गए. जानकारी मिलने पर एनडीआरएफ और पुलिस बल ने फंसे हुए 14 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला. इन मजदूरों ने सुरक्षित बाहर निकाले जाने तक पेड़ का सहारा लेकर अपनी जान बचाई. रेस्क्यू के दरम्यान कलेक्टर-एसपी समेत जिले का प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद था.

विकासखंड छुरा के अंतिम वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम बीजापाल में बगनई नदी पर निर्माणाधीन पुल के कार्य में लगे 14 मजदूर में नदी में अचानक आए तेज बहाव के कारण फंस गए. लगातार हुई बारिश से नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे मजदूरों को अपनी जान बचाने के लिए नदी किनारे मौजूद एक पेड़ का सहारा लिया. सभी मजदूरों ने पूरी रात पेड़ पर ही बिताई और सुबह तक राहत एवं बचाव दल के पहुंचने का इंतजार किया.

फंसे हुए मजदूरों में 10 पुरुष एवं 4 महिलाएं शामिल थीं. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ, लेकिन नदी का बहाव तेज होने की वजह से रात के समय उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना संभव नहीं था. इसलिए सुबह होते ही बचाव अभियान शुरू किया गया.

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गरियाबंद जिला प्रशासन और महासमुंद जिला प्रशासन ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया. महासमुंद से पहुंची विशेष रेस्क्यू टीम ने स्थानीय प्रशासन के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. समय रहते राहत कार्य शुरू होने से एक बड़ी अनहोनी टल गई.

रेस्क्यू अभियान के दौरान गरियाबंद कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी, थाना प्रभारी तथा ग्राम पंचायत के सरपंच सहित प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा. अधिकारियों ने लगातार स्थिति की निगरानी करते हुए बचाव दल को आवश्यक निर्देश दिए.

स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन और रेस्क्यू टीम के प्रयासों की सराहना की. सभी मजदूरों के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली. क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों और निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button