Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने पीएम मोदी के सफल 12 वर्षों को बताया ऐतिहासिक,कहा-जनकल्याणकारी नीतियों से बदला देश का परिदृश्य

बसना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल, जनकल्याणकारी एवं सेवा समर्पित कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने के गौरवशाली अवसर पर बसना विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने प्रधानमंत्री के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता और सराहना व्यक्त की है। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने पीएम मोदी के नेतृत्व को देश के इतिहास का स्वर्णिम काल बताते हुए कहा कि इन 12 वर्षों में भारत ने न केवल विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है, बल्कि हर नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच की सराहना करते हुए कहा कि मोदी ने हमेशा तात्कालिक लाभ के बजाय दीर्घकालिक और दूरगामी परिणाम देने वाली नीतियां बनाई हैं। उनकी इसी दूरदर्शी सोच का परिणाम है कि आज भारत आर्थिक, तकनीकी और रणनीतिक मोर्चे पर दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। विधायक डॉ. अग्रवाल ने आगे कहा कि डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत मिशन, और बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) का अभूतपूर्व विकास पीएम मोदी की इसी आधुनिक और दूरदर्शी सोच के जीवंत उदाहरण हैं, जिन्होंने देश की कार्यसंस्कृति को पूरी तरह बदल कर रख दिया है।

प्रधानमंत्री के विजन को रेखांकित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना एक ऐसे ‘विकसित भारत’ का निर्माण करना है, जहां समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति (अंत्योदय) तक हर मूलभूत सुविधा स्वतः पहुंचे। उनका सपना देश को आत्मनिर्भर बनाना, युवाओं को रोजगार के नए अवसर देना और महिलाओं को सशक्त करना है।

विधायक डॉ. अग्रवाल ने जोर देकर कहा कि आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, और किसान सम्मान निधि जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए पीएम मोदी ने करोड़ों गरीबों, किसानों और वंचितों के जीवन को संवारने का जो सपना देखा था, वह आज धरातल पर पूरी तरह साकार हो रहा है।

बसना विधायक डॉ संपत अग्रवाल ने अपने वक्तव्य के अंत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ये 12 वर्ष केवल सत्ता के नहीं, बल्कि ‘प्रधान सेवक’ के रूप में निस्वार्थ सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के प्रति समर्पित रहे हैं। उन्होंने बसना विधानसभा क्षेत्र की समस्त जनता की ओर से देश के प्रधानमंत्री को सफल 12 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई दी और उनके उत्तम स्वास्थ्य तथा दीर्घायु जीवन की कामना की, ताकि उनके नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button