Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

विधायक अनुज शर्मा के प्रयासों को मिली सफलता: धरसींवा को मिली उप रजिस्ट्रार कार्यालय की सौगात, 60 गांवों के ग्रामीणों को रायपुर की दौड़ से मिली मुक्ति

धरसींवा। विधानसभा क्षेत्र धरसींवा के ग्रामीणों के लिए एक बड़ी और बेहद राहत भरी खबर है। क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा के अथक और निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप धरसींवा ब्लॉक मुख्यालय में ‘नवीन उप रजिस्ट्रार (उप पंजीयक) कार्यालय’ की स्थापना होने जा रही है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा इस नवीन कार्यालय को जून से शुरू करने की आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। इस ऐतिहासिक फैसले से क्षेत्र के 60 गांवों के हजारों ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही यह सुविधा मिलने लगेगी।

चुनाव में किया वादा हुआ पूरा: विधायक अनुज शर्मा

विधायक अनुज शर्मा ने इस बड़ी उपलब्धि पर क्षेत्र की जनता को बधाई देते हुए कहा, “धरसींवा मुख्यालय में उप रजिस्ट्रार कार्यालय की शुरुआत होना हमारे क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधा की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर है। हमारा मुख्य उद्देश्य शासकीय सेवाओं को जनता के द्वार तक पहुँचाना और उनके रोजमर्रा के संघर्षों को कम करना है। चुनाव के दौरान मैंने क्षेत्र की जनता से वादा किया था कि उन्हें छोटे-छोटे सरकारी कामों के लिए रायपुर की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी, आज वह वादा पूरा हो रहा है।”

विधायक श्री शर्मा ने आगे कहा, “हमारे ग्रामीण भाइयों-बहनों को अपनी ही जमीन की रजिस्ट्री के लिए पूरा दिन बर्बाद कर रायपुर जाना पड़ता था, जिससे उनका समय और पैसा दोनों खर्च होता था। अब 60 गांवों के लोगों को अपने घर के पास ही यह सुविधा मिलेगी। यह कार्यालय जल्द ही पूर्ण रूप से सुचारू रूप से कार्य करना प्रारंभ कर देगा। मैं प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री जी और राजस्व मंत्री जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने धरसींवा की इस जायज और पुरानी मांग को सहर्ष स्वीकार किया।”

रायपुर जाने की मजबूरी और खर्च से मिलेगी राहत

अब तक धरसींवा क्षेत्र के ग्रामीणों को जमीन-मकान की रजिस्ट्री और इससे जुड़े अन्य कामों के लिए राजधानी रायपुर के चक्कर काटने पड़ते थे। इससे स्थानीय जनता का समय और पैसा दोनों बर्बाद होता था, साथ ही भारी मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ती थी। विधायक अनुज शर्मा ने ग्रामीणों की इस व्यावहारिक समस्या को गंभीरता से समझा और शासन स्तर पर इसकी लगातार मज़बूत पैरवी की। धरसींवा में ही उप रजिस्ट्रार कार्यालय खुलने से न केवल ग्रामीणों का काम आसान होगा, बल्कि क्षेत्र में राजस्व संबंधी कार्यों में भी तेजी आएगी।

इन 60 गांवों को मिलेगा सीधा लाभ

धरसींवा के इस नए उप पंजीयक कार्यालय के अंतर्गत क्षेत्र के 60 गांवों को शामिल किया गया है, जिन्हें अब स्थानीय स्तर पर ही रजिस्ट्री की सुविधा मिलेगी। लाभान्वित होने वाले गांवों में कुरा (नगर पंचायत), भेरवा, पंडरभट्टा, मुरा, भैंसमुड़ा, बरतनारा, अकोली, मनोहरा, देवरी, मेहरशखा, कुकेरा, कुथरैल, मौहागांव, मलौद, सिलयारी, कुरूद, पथरी, तरेसर, मंगसा, पवनी, निलजा, तर्रा, बरबंदा, नेउरडीह, नगरगांव, टोर, गिधौरी, गोढ़ी, मोंहदी, रैता, धरसींवा, तिवरैया, परसतराई, सिलतरा, मुनरेठी, टाडा, मांढर, गिरौद, सौंढ़रा, बहेसर, चिखली, कुम्हारी, सारागांव, दौंदेकला, दौंदेखुर्द, जरौदा, छपोरा, भुरकोनी, टेकारी, चरौदा, बाना, कपसदा, धनेली, सांकरा, निमोरा, कन्हेरा, लालपुर, मटिया, कारा और बोरझरा शामिल हैं।

क्षेत्र में हर्ष की लहर, विधायक का जताया आभार

नवीन कार्यालय की अधिसूचना जारी होने पर धरसींवा क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों और जनप्रतिनिधियों ने भारी प्रसन्नता व्यक्त की है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से इस क्षेत्र में उप रजिस्ट्रार कार्यालय की मांग की जा रही थी। विधायक अनुज शर्मा ने इस जनहित के मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए शासन के समक्ष मज़बूती से रखा और मंज़ूरी दिलाई। ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए कहा कि विधायक जी के नेतृत्व में धरसींवा विधानसभा में प्रशासनिक सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है, जिसके लिए वे विधायक अनुज शर्मा का सहृदय आभार व्यक्त करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button