Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ सरकार की ‘आदर्श शहर समृद्धि योजना’ में शामिल हुआ पिथौरा, विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने जताया मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का आभार

बसना। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा छोटे एवं उभरते नगरों के सुनियोजित विकास के लिए शुरू की गई महत्वाकांक्षी “आदर्श शहर समृद्धि योजना” में बसना विधानसभा क्षेत्र के पिथौरा नगर पंचायत को शामिल कर लिया गया है। इस ऐतिहासिक फैसले के बाद पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। इस बड़ी उपलब्धि पर स्थानीय विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने पिथौरा नगर पंचायत सहित समस्त क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

पिथौरा को इस योजना में शामिल किए जाने पर गहरा आभार प्रकट करते हुए बसना विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने कहा कि यह निर्णय छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार की जनहितकारी और दूरदर्शी सोच का परिचायक है। उन्होंने प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं नगरीय प्रशासन मंत्री व उपमुख्यमंत्री अरुण साव का हृदय से आभार व्यक्त किया है। विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि राज्य नेतृत्व के इस कदम से बसना विधानसभा के नगरीय क्षेत्रों के विकास को एक नई गति और नई ऊंचाइयों प्राप्त होंगी।

विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कुशल नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के समग्र विकास हेतु शुरू की गई “आदर्श शहर समृद्धि योजना” प्रदेश के नगरीय विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।

विधायक डॉ अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2026-27 के बजट में इस योजना के लिए 200 करोड़ का भारी-भरकम प्रावधान किया है। इस राशि से पिथौरा में और तेजी से उभरते हुए नगरों को आधुनिक सुविधाओं, मजबूत अधोसंरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) और चहुंमुखी विकास से सीधे जोड़ा जाएगा।

विधायक डॉ. अग्रवाल ने विश्वास जताया कि इस योजना के अंतर्गत पिथौरा नगर पंचायत में बुनियादी ढांचों का तेजी से सुदृढ़ीकरण होगा। सड़कों का चौड़ीकरण, आधुनिक जल निकासी व्यवस्था, बेहतर पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट्स और सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों को प्राथमिकता मिलेगी, जिससे स्थानीय नागरिकों के जीवन स्तर में बड़ा सकारात्मक सुधार आएगा। उन्होंने क्षेत्र की जनता को आश्वस्त किया कि वे बसना विधानसभा के हर हिस्से को आदर्श और समृद्ध बनाने के लिए निरंतर संकल्पित हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button