अगले 2 दिन और सताएगी गर्मी, राजधानी में आज हीटवेव की संभावना

रायपुर। इस भंयकर गर्मी में लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. छत्तीसगढ़ में नौतपा के दूसरे दिन मध्य इलाकों में ग्रीष्म लहर चली. भीषण गर्मी की वजह से लोग परेशान हुए. बुधवार को राजधानी रायपुर समेत कुछ इलाकों में मौसम का मिजाज बदला. तेज अंधड़ के साथ बारिश हुई तो कहीं बारिश के साथ ओले भी गिरे. कुछ जगहों में तेज हवा चलने के बाद सिर्फ बूंदाबांदी हुई तो कहीं सूखे का नजारा देखने को मिला.
मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती परिसंचरण और बंगाल की खाड़ी से आ रही हल्की नमी के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिला. इससे अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज हुई. आगामी 2 दिनों में छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है, इस बीच एक-दो हिस्सों में ग्रीष्म लहर चलने के आसार हैं. इसके बाद 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है.
रायपुर में आज भी हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने राजधानी रायपुर में 28 मई को हीटवेव चलने की संभावना जताई गई है. अधिकतम तापमान करीब 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.




