महापुरुषों की जयंती-पुण्यतिथि पर एकरूपता के लिए 25 मई को रायपुर में साहित्यकारों की बैठक

रायपुर। प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के साहित्य प्रकोष्ठ की ओर से समाज के महापुरुषों की जन्मतिथि और पुण्यतिथि को लेकर व्याप्त भ्रम की स्थिति दूर करने तथा तिथियों में एकरूपता स्थापित करने के उद्देश्य से 25 मई 2026 को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक सोमवार सुबह 11 बजे गुरु घासीदास सांस्कृतिक भवन, न्यू राजेंद्र नगर, रायपुर में होगी।

बैठक में समाज के पदाधिकारी, साहित्यकार और बुद्धिजीवी शामिल होकर विभिन्न लेखकों एवं शोधकर्ताओं द्वारा उल्लिखित अलग-अलग तिथियों पर विचार-विमर्श करेंगे। चर्चा का मुख्य उद्देश्य महापुरुषों की जयंती और पुण्यतिथि के लिए सर्वमान्य एवं एक समान तिथि निर्धारित करना है, ताकि भविष्य में समाज के सभी अनुयायी एक ही तिथि पर इन आयोजनों का आयोजन कर सकें।
प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के प्रदेश अध्यक्ष एल.एल. कोशले ने बताया कि इस विषय पर व्यापक चर्चा कर समाज में एकता, समरसता और समन्वय को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, समाज के वरिष्ठ सदस्य एस.आर. बाँधे ने सभी संबंधित साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों और पदाधिकारियों से बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर अपने सुझाव देने की अपील की है।
समाज का मानना है कि महापुरुषों की जयंती और पुण्यतिथि के संबंध में एकरूपता स्थापित होने से समाज में फैली भ्रम की स्थिति समाप्त होगी और सामूहिक रूप से इन अवसरों का आयोजन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।




