
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में आयोजित सुशासन तिहार-2026 के तहत ग्राम कुरूद (सिलयारी) में समाधान शिविर लगाया गया। कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को किसान क्रेडिट कार्ड, आयुष्मान कार्ड, गैस सिलेंडर, ड्राइविंग लाइसेंस, कृषि बीज, आयुर्वेदिक दवाइयां, पोषण आहार तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकानों की ‘खुशियों की चाबी’ वितरित की गई। साथ ही विभागीय एवं स्वसहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन भी किया गया।
विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सुशासन, सेवा और विकास के संकल्प के साथ काम कर रही है। सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन सीधे गांवों तक पहुंचकर जनता की समस्याओं का समाधान कर रहा है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविर प्रशासन और जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो रही है।
शिविर में कुल 1109 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 129 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। इसके अलावा 30 आरटीओ संबंधी दस्तावेज, 32 आधार कार्ड, 10 श्रम कार्ड, 10 राशन कार्ड और 10 पेंशन स्वीकृतियां जारी की गईं। करीब 150 हितग्राहियों को विभिन्न सामग्रियां और प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत रायपुर अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, उपाध्यक्ष संदीप यदु, सभापति सविता चंद्राकर, सरोज चंद्रवंशी, जनपद पंचायत अध्यक्ष शकुंतला सेन, जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन, एसडीएम नंद कुमार चौबे, जनपद सीईओ आशीष केशरवानी, तहसीलदार बाबूलाल कुर्रे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




