3 महीने से वेतन नहीं मिलने पर कर्मचारियों में रोष, अस्थायी पदों की स्वीकृति लंबित

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष जवाहर यादव ने बताया कि मुख्य अभियंता, गोदावरी कछार, जल संसाधन विभाग जगदलपुर के अधीन संचालित मंडलों एवं संभागों के कुल 7 कार्यालयों में वर्ष 2026-27 के लिए अस्थायी पदों की निरंतरता को लेकर शासन से अब तक स्वीकृति नहीं मिली है।
उन्होंने कहा कि स्वीकृति लंबित होने के कारण अल्प वेतनमान पर कार्यरत तृतीय, चतुर्थ श्रेणी एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को पिछले तीन महीनों से वेतन नहीं मिल पाया है। इससे कर्मचारियों के सामने परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है।
संघ ने नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रशासन में ई-ऑफिस प्रणाली लागू होने के बावजूद अस्थायी पदों की निरंतरता संबंधी आदेश जारी नहीं हो सका है। इस स्थिति को लेकर कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। कर्मचारी शासन-प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकृष्ट कर जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।




