Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

भू-माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा, आधा दर्जन से अधिक खसरों पर लगाई रोक

तखतपुर। अनुविभाग के सकरी क्षेत्र में इन दिनों अवैध प्लॉटिंग का कारोबार तेजी से पैर पसार रहा है. लोखंडी, घुरू अमेरी, सैदा, मेंड्रा, हाफा, पांड़ सहित तखतपुर नगर और आसपास के क्षेत्रों में भू-माफिया बेखौफ होकर कृषि भूमि को टुकड़ों में बांटकर प्लॉटिंग कर रहे हैं. हैरानी की बात यह है कि बिना किसी वैधानिक अनुमति के इन प्लॉटों की रजिस्ट्रियां भी धड़ल्ले से की जा रही हैं.

सूत्रों के मुताबिक, यह पूरा खेल टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (टीएनसी) और रेरा जैसे अनिवार्य नियमों को दरकिनार कर संचालित किया जा रहा है. अवैध प्लॉटिंग और कृषि भूमि के अनियंत्रित विभाजन को रोकने के लिए सख्त नियम बनाए गए हैं, ताकि राजस्व हानि से बचा जा सके. इसके बावजूद भू-माफिया नियमों को ताक में रखकर खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं.

इस बढ़ती अनियमितता को देखते हुए अब प्रशासन भी एक्शन मोड में आ गया है. तखतपुर एसडीएम नितिन तिवारी ने बताया कि हाल ही में अवैध प्लॉटिंग में शामिल आधा दर्जन से अधिक खसरों पर खरीदी-बिक्री और नामांतरण की प्रक्रिया पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है. साथ ही राजस्व विभाग की टीमों को लगातार निगरानी और चिन्हांकन के निर्देश दिए गए हैं.

एसडीएम की दो टूक, नहीं की जाएगी अवैध प्लॉटिंग बर्दाश्त

एसडीएम ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध प्लॉटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी. यदि कोई भी व्यक्ति इस तरह की गतिविधियों में लिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन की इस सख्ती से जहां एक ओर भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button