Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़राजनीती

विशेष सत्र से पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक, सदन में सरकार को घेरने की तैयारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा के प्रस्तावित विशेष सत्र से पहले कांग्रेस ने अपनी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में कांग्रेस विधायक दल की अहम बैठक राजधानी रायपुर स्थित राजीव भवन में आयोजित की जा रही है।

बता दें कि बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत कर रहे हैं। इस बैठक में पार्टी के सभी विधायक मौजूद हैं, वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज भी शामिल हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक, यह बैठक विधानसभा के विशेष सत्र को ध्यान में रखते हुए बुलाई गई है। इसमें सरकार को घेरने के लिए विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जा रही है और विपक्ष की रणनीति तैयार की जा रही है।

महिला आरक्षण पर सत्र, निंदा प्रस्ताव की तैयारी

गौरतलब है कि राज्य सरकार ने 30 अप्रैल को विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाया है। इस सत्र में महिला आरक्षण विधेयक के मुद्दे पर विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने की तैयारी की जा रही है। सत्र का फोकस नारी शक्ति वंदन अधिनियम और 131वें संविधान संशोधन विधेयक पर रहेगा, जिस पर सदन में तीखी बहस के संकेत हैं।

सीएम ने पहले ही कर दी थी घोषणा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 20 अप्रैल को ‘जन आक्रोश पदयात्रा’ के दौरान विशेष सत्र बुलाने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष के रुख की निंदा करते हुए प्रस्ताव लाया जाएगा। इसी दिन भाजपा ने रायपुर में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ प्रदर्शन किया था। पार्टी का आरोप है कि विपक्षी दल महिलाओं को आरक्षण देने वाले कानून के क्रियान्वयन में बाधा डाल रहे हैं।

लोकसभा में नहीं पास हो पाया था विधेयक

गौरतलब है कि 17 अप्रैल को लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं मिल सका था। इस विधेयक का उद्देश्य 2029 से विधायिकाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करना था।

सियासी टकराव के संकेत

मुख्यमंत्री साय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि यह विधेयक महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से लाया गया था, लेकिन कांग्रेस और इंडी गठबंधन ने इसे पारित नहीं होने दिया।

ऐसे में अब विधानसभा के विशेष सत्र में सत्ता और विपक्ष के बीच जोरदार टकराव के आसार नजर आ रहे हैं। एक ओर कांग्रेस सरकार को घेरने की तैयारी में है, तो वहीं भाजपा भी विपक्ष पर हमले को लेकर पूरी तरह तैयार दिख रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button