Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

प्रतिमा अनावरण विवाद: यूथ कांग्रेस पर FIR को लेकर बोले टीएस सिंहदेव-

अंबिकापुर। चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा अनावरण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। अब कांग्रेस के बड़े नेता ने ही यूथ कांग्रेस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। दरअसल अंबिकापुर में चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का अनावरण होना था, लेकिन यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विकल झा ने रातों रात प्रतिमा का अनावरण कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम पर प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व डिप्टी सीएम टी.एस. सिंह देव ने बड़ा बयान दिया है।

सिंहदेव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यूथ कांग्रेस नेताओं से “अति उत्साह में चूक” हुई है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि चंद्रशेखर आजाद जैसी महान विभूति की प्रतिमा का अनावरण तय प्रोटोकॉल के तहत होना चाहिए था, और यूथ कांग्रेस के नेताओं को इस तरह खुद से अनावरण नहीं करना चाहिए था। उन्होंने यह भी जोड़ा कि इस मामले में प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई नियमों के अनुसार है।

दरअसल, जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर में स्थापित चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का आधिकारिक अनावरण मुख्यमंत्री के हाथों होना था। लेकिन उससे पहले ही यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष विकल झा ने अपने समर्थकों के साथ देर रात प्रतिमा का अनावरण और माल्यार्पण कर दिया। इस घटना के बाद नगर निगम के सब इंजीनियर की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने विकल झा के खिलाफ मामला दर्ज किया।

इस पूरे मामले में विकल झा ने भी खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ FIR जरूर दर्ज हुई है, लेकिन वे इससे डरने वाले नहीं हैं। झा ने कहा, “अगर चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का अनावरण और माल्यार्पण करना अपराध है, तो मैं खुद को अपराधी मानता हूं।” उन्होंने आगे कहा कि वे इस मुद्दे पर पीछे हटने वाले नहीं हैं और “एक हजार बार जेल जाने के लिए भी तैयार हैं।”

यह मामला अब राजनीतिक रूप लेता जा रहा है, जहां एक तरफ नियमों और प्रोटोकॉल की बात हो रही है, वहीं दूसरी तरफ इसे भावनाओं और राष्ट्रभक्ति से जोड़कर देखा जा रहा है। सिंहदेव के संतुलित बयान से यह स्पष्ट होता है कि पार्टी भी इस मुद्दे पर अनुशासन और प्रक्रिया को प्राथमिकता दे रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button