Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

राजिम में यादव ठेठवार समाज का प्रांतीय महाअधिवेशन संपन्न, शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव रहे मुख्य अतिथि

रायपुर/राजिम। यादव ठेठवार समाज का प्रांतीय महाअधिवेशन भव्य स्वागत, अहीर नृत्य और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान राधा-कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना, माल्यार्पण और आरती के साथ हुई। इसके बाद समाज का ध्वज फहराकर अधिवेशन का विधिवत शुभारंभ किया गया। प्रदेश मीडिया प्रभारी शशिकांत यदु ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों का पंजीयन किया गया और अतिथियों का सम्मान कर मंचीय कार्यक्रम आयोजित हुआ।

द्वितीय सत्र में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के आगमन पर अहीर नृत्य दलों की आकर्षक प्रस्तुति, गाजे-बाजे और आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया गया। समाज की ओर से उन्हें गजमाला पहनाकर सम्मानित किया गया।

नगर पालिका राजिम के अध्यक्ष महेश यादव ने समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। वहीं शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि यादव समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है और समाज को अपनी परंपराओं को सहेजते हुए आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने घर-घर में लड्डू गोपाल की स्थापना और पूजा-अर्चना की परंपरा को बढ़ावा देने की बात कही। साथ ही सामाजिक एकता के लिए प्रदेश स्तरीय कार्यक्रमों में अधिक सहभागिता और शासन की योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

प्रदेश संरक्षक (प्रांतीय युवा) रामसिंह यादव ने युवा प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित सामाजिक समरसता यात्रा को ऐतिहासिक बताते हुए इसे “श्रवण तीर्थ यात्रा” की संज्ञा दी। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले और “कौन बने करोड़पति” में सम्मानित रोम शंकर यादव का भी सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य नंदकिशोर यादव ने किया। अधिवेशन में बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button