Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

रायपुर रेल मंडल ने साल 2025-26 की उपलब्धियां गिनाई

रायपुर। रायपुर रेल मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करते हुए भारतीय रेल में अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है। मंडल रेल प्रबंधक (DRM)  दयानंद ने आज आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया को मंडल की उपलब्धियों, विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी भी उपस्थित रहे।

माल लदान और राजस्व में बढ़त

रायपुर मंडल ने इस वर्ष 46.44 मिलियन टन माल लदान कर 4983 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 4 प्रतिशत अधिक है। पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में मंडल ने 44.73 मिलियन टन लदान कर 4818 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया था। यह उपलब्धि आधुनिक लोडिंग सिस्टम, डिजिटल पहल और ग्राहक-केंद्रित नीतियों के कारण संभव हो सकी है।

यात्री सेवाओं में सुधार

मंडल ने 26.6 मिलियन यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया और यात्री यातायात से 631.35 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया। यात्रियों की संख्या में 7.30% और राजस्व में 3.85% की वृद्धि दर्ज की गई। यात्रियों की सुविधा के लिए 19 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का 195 ट्रिप संचालन किया गया, साथ ही 12 भारत गौरव ट्रेनों का भी सफल संचालन हुआ।

गैर-किराया और अन्य आय में वृद्धि

गैर-किराया राजस्व (NFR) 17.10 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 12.35% अधिक है। वहीं विविध आय 25.18 करोड़ रुपये और खानपान से आय 3.22 करोड़ रुपये रही, जिसमें 75% की उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

यात्री सुविधाओं में नवाचार

रेल मदद के माध्यम से 17,943 यात्रियों को सहायता प्रदान की गई, जिसमें शिकायत निवारण, सफाई, चिकित्सा सहायता और अन्य सेवाएं शामिल हैं। यात्रियों की संतुष्टि में वृद्धि दर्ज की गई है, जो बेहतर सेवा का संकेत है।इसके अलावा, नॉन-एसी स्लीपर कोच में सैनिटाइज्ड बेडरोल, हेल्थ बेस लाउंज, आपातकालीन चिकित्सा कक्ष, फोटोकॉपी सुविधा और पार्सल स्कैनर जैसी नई सुविधाएं शुरू की गईं। वंदे भारत और हमसफर ट्रेनों में विज्ञापन से अतिरिक्त राजस्व भी प्राप्त हुआ।

बुनियादी ढांचे का विकास

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उरकुरा, भिलाई और भानुप्रतापपुर स्टेशनों का उद्घाटन किया गया। साथ ही रायपुर-जबलपुर और राजिम-रायपुर नई ट्रेन सेवाएं शुरू की गईं। कई स्टेशनों पर प्लेटफार्म विस्तार और नए प्लेटफार्म निर्माण की योजनाएं भी स्वीकृत हुई हैं।

सुरक्षा और तकनीकी पहल

रायपुर मंडल का यह वर्ष शून्य ट्रेन दुर्घटना वाला रहा, जो सुरक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि है। टिकट चेकिंग स्टाफ को बॉडीवॉर्न कैमरे दिए गए हैं और डिजिटल टिकटिंग सुविधाओं का विस्तार किया गया है।

भविष्य की परियोजनाएं

रेलवे बोर्ड ने चौथी रेल लाइन परियोजनाओं को मंजूरी दी है, जिससे यातायात क्षमता में वृद्धि होगी। बैकुंठ-उरकुरा और हथबंद सेक्शन में नई लाइनों का निर्माण प्रस्तावित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button