Home
🔍
Search
Videos
Stories
क्राइमछत्तीसगढ़

अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी, पत्नी ने ही जेठ के साथ मिलकर की थी शराबी पति की हत्या, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान…

बलौदाबाजार। पुलिस ने ग्राम बिनौरी में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक की पत्नी, बड़े भाई और एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक रामकुमार साय आदतन शराबी था और उसकी खुद की ही बेटी पर बुरी नजर थी। रोजाना की पारिवारिक कलह और मृतक के आचरण से तंग आकर उसकी पत्नी, बड़े भाई और एक अन्य सहयोगी ने गमछे से गला घोंटकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। मामला पलारी थाना क्षेत्र का है।

29 मार्च की रात ग्राम बिनौरी निवासी रामकुमार साय 37 वर्ष की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतक की पत्नी मीना बाई साय ने पुलिस को इसकी सूचना दी थी, जिस पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। डॉक्टरों की शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण होमीसाइडल बताया गया, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 103 (1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले का खुलासा करते हुए एसपी भावना गुप्ता ने बताया कि संदेह के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी मीना बाई साय,बड़े भाई महावीर साय और वैभव उर्फ अंशु को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। आरोपियों ने जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि मृतक अत्यधिक शराब पीने का आदी था और आए दिन घर वालों को परेशान करता था। आरोपियों के अनुसार, मृतक अपनी ही बेटी पर बुरी नीयत रखता था। इसी प्रताड़ना से तंग आकर तीनों ने मिलकर रामकुमार के सोने के बाद उसकी हत्या की योजना बनाई।

पुलिस ने मामले में षड्यंत्र रचने और साक्ष्य छुपाने की धाराएं 61(2), 238 (क) और 3(5) भी जोड़ी हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 29 मार्च की रात करीब 11 से 30 मार्च की रात 2.30 बजे के बीच उन्होंने गमछे से गला घोंटकर रामकुमार को मौत के घाट उतार दिया। साक्ष्य मिटाने की नियत से उन्होंने वारदात में इस्तेमाल किए गए गमछों को पत्थरों में बांधकर घर के पास स्थित कुएं में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुएं से 3 नग गमछे और पत्थर बरामद कर लिए हैं। इसके साथ ही मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपी

  • महावीर से उम्र 40 साल निवासी बिनौरी, थाना पलारी
  • मीना बाई साय उम्र 36 वर्ष निवासी बिनौरी, थाना पलारी
  • वैभव उर्फ अंशु बघेल उम्र 19 साल निवासी, बीजराडीह थाना गिधपुरी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button