Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्क

वित्तीय साक्षरता सप्ताह: शहीद स्मारक हाई स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

रायपुर। भारतीय रिज़र्व बैंक द्वारा आयोजित वित्तीय साक्षरता सप्ताह एवं ‘प्रोजेक्ट पाई-पाई’ के अंतर्गत आज शहीद स्मारक हाई स्कूल फाफाडीह में वित्तीय साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को वित्तीय प्रबंधन, बचत की आदत, बैंकिंग सेवाओं तथा डिजिटल लेन-देन के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर आरबीआई के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को भारतीय रिज़र्व बैंक की स्थापना एवं कार्यप्रणाली, बैंक नोट एवं सिक्कों की जानकारी, बैंक खाता खोलने की प्रक्रिया तथा केवाईसी (KYC) के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इसके साथ ही विद्यार्थियों को नियमित बचत की आदत विकसित करने, एटीएम/डेबिट कार्ड के सुरक्षित उपयोग, यूपीआई एवं अन्य डिजिटल भुगतान माध्यमों के उपयोग के बारे में भी बताया गया। अधिकारियों ने साइबर धोखाधड़ी से बचाव के उपायों पर विशेष रूप से प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया तथा छोटी-छोटी बचत के महत्व को समझाते हुए भविष्य की आर्थिक सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए भारतीय रिज़र्व बैंक एवं बैंक प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर भारतीय रिज़र्व बैंक के सहायक महाप्रबंधक सत्येंद्र राठौर, प्रबंधक दिग्विजय राउत, अग्रणी जिला प्रबंधक मोहम्मद मोफीज, विद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button