Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्क

बंगाल-असम में पूर्ण बहुमत का दावा, दक्षिण में भी बढ़ रहा भाजपा का जनाधार: बृजमोहन अग्रवाल

रायपुर/ नई दिल्ली। देश की जनता को पूर्ण विश्वास है कि यदि कोई भारत को वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ बना सकता है, तो वह केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दृढ़ नेतृत्व ही है। यह कहना है सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल का आगामी विधानसभा चुनाव में विभिन्न राज्यों में भाजपा की स्थिति पर चर्चा करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, कि , “चाहे पश्चिम बंगाल हो, असम हो, तमिलनाडु हो या पुडुचेरी—हर जगह भाजपा का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। बंगाल और असम में हम पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रहे हैं, वहीं दक्षिण भारत के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी भाजपा की विकासपरक नीतियों के कारण जनता का भारी समर्थन मिल रहा है।”

बृजमोहन अग्रवाल ने देश के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य और आगामी चुनावों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारत अब जातिवाद और भय की राजनीति से बाहर निकल चुका है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश अब केवल और केवल ‘विकासवाद’ की राह पर चल पड़ा है।

कांग्रेस पर तीखा हमला

श्री अग्रवाल ने कांग्रेस की पुरानी नीतियों पर प्रहार करते हुए कहा, “एक समय था जब कांग्रेस पार्टी जातिवाद के आधार पर लोगों को बांटकर और समाज में डर पैदा कर चुनाव जीतती थी। लेकिन आज की जागरूक जनता यह समझ चुकी है कि राजनीतिक दुर्भावना के कारण वे विकास से महरूम नहीं रह सकते। जनता अब नकारात्मक राजनीति को पूरी तरह नकार चुकी है।”

अंतिम व्यक्ति तक पहुँचता विकास

भाजपा सरकार के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि मोदी सरकार ने देश के सुदूर क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएँ पहुँचाई हैं। उन्होंने कहा, “आज देश के हर नागरिक को शुद्ध पानी, बिजली, प्रधानमंत्री आवास, कुकिंग गैस और बेहतरीन सड़कें चाहिए। मोदी सरकार ने इंटरनेट से लेकर रेल कनेक्टिविटी तक, हर क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किया है। मिजोरम जैसे राज्य, जो दशकों तक रेल सेवा से कटे हुए थे, आज भारतीय रेलवे के मानचित्र पर गर्व से खड़े हैं।”

बदलती कनेक्टिविटी और वंदे भारत का युग

उन्होंने आगे कहा कि एक्सप्रेस हाईवे, फोर-लेन कॉरिडोर और ‘वंदे भारत’ जैसी आधुनिक ट्रेनों ने देश की दूरियों को कम कर दिया है। कनेक्टिविटी बढ़ने से न केवल व्यापार सुगम हुआ है, बल्कि आम आदमी का जीवन भी आसान हुआ है। जिसका परिणाम आने वाले विधानसभा चुनाव में देखने को मिलेगा।

बृजमोहन अग्रवाल ने दोहराया कि भारतीय जनता पार्टी का एकमात्र ध्येय ‘अंत्योदय’ और ‘राष्ट्र निर्माण’ है, जिसे जनता का अटूट आशीर्वाद प्राप्त है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button