ग्राम मठपुरैना में अवैध प्लाटिंग पर प्रशासन की कार्रवाई, अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

रायपुर। कलेक्टर रायपुर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश एवं एसडीएम रायपुर के मार्गदर्शन में आज तहसील रायपुर अंतर्गत विभिन्न ग्रामों में अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध कार्रवाई की गई। प्रशासन द्वारा बिना वैध अनुमति के की जा रही प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माणों को हटाया गया.



ग्राम मठपुरैना में आज अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई। तहसीलदार प्रकाश सोनी के नेतृत्व में राजस्व एवं नगर निगम की संयुक्त टीम ने कार्यवाही की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खसरा नंबर 15002/136 एवं 15002/28 की लगभग 0.365 हेक्टेयर एवं 0.0789 हेक्टेयर भूमि, तथा खसरा नंबर 196/2 की लगभग 0.204 हेक्टेयर भूमि पर अवैध रूप से प्लाटिंग कर मार्ग निर्माण एवं अन्य तैयार की जा रही थीं। प्रशासन द्वारा इन अवैध निर्माणों को हटाते हुए संबंधित स्थल पर कार्रवाई की गई।
साथ ही नगर निगम द्वारा उक्त भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण किया जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।




