रायपुर में 16 मार्च को सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम, ‘रोड सेफ्टी क्लब’ का भी होगा गठन

रायपुर। सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए और आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सुरक्षित भव फाउंडेशन द्वारा 16 मार्च 2026 (सोमवार) को दोपहर 3 बजे एक विशेष सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर रोड सेफ्टी क्लब का भी औपचारिक गठन किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों, सुरक्षित ड्राइविंग, दुर्घटना की स्थिति में प्राथमिक उपचार तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में निभाई जाने वाली भूमिका के प्रति जागरूक करना है। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, तेज गति से वाहन चलाने के दुष्परिणाम और सड़क दुर्घटना की स्थिति में तुरंत उठाए जाने वाले आवश्यक कदमों की जानकारी देंगे।
इस कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त, रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रतिनिधि तथा सुरक्षित भव फाउंडेशन के चेयरमैन, डायरेक्टर, डिप्टी डायरेक्टर सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य शामिल होंगे। सभी अतिथि सड़क सुरक्षा के महत्व पर अपने विचार साझा करते हुए नागरिकों को सुरक्षित यातायात संस्कृति को अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में पीड़ितों की मदद करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा। साथ ही युवाओं और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति लगातार सक्रिय बनाए रखने के उद्देश्य से रोड सेफ्टी क्लब का गठन किया जाएगा, जो भविष्य में जागरूकता अभियान, प्रशिक्षण कार्यक्रम और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगा।
सुरक्षित भव फाउंडेशन ने नागरिकों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर सड़क सुरक्षा के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने की अपील की है।




