होली की आड़ में शिक्षकों की मनमानी : अधिकांश सरकारी स्कूल मिले बंद, BEO बोले – जांच के बाद होगी कार्रवाई

राजिम। गरियाबंद जिले में होली त्योहार के बीच शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। गुरुवार को अधिकांश शासकीय स्कूल बंद पाए गए। हैरानी की बात यह रही कि स्कूलों के समय में प्रवेश द्वार पर ताला लटका मिला और शिक्षक भी नदारद रहे।
जानकारी के अनुसार, शासन के निर्देशानुसार स्कूल सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होना था, लेकिन कई स्कूलों में तय समय पर ताला लगा मिला। बिना किसी आधिकारिक आदेश के स्कूल बंद किए जाने से विद्यार्थियों और अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
लापरवाही बतरने वालों पर होगी कार्रवाई : बीईओ
स्थानीय लोगों का कहना है कि होली त्योहार की आड़ में कुछ शिक्षकों द्वारा मनमानी करते हुए स्कूल नहीं खोले गए। इससे शिक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही उजागर हो रही है। मामले की जानकारी मिलने पर संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ने जांच कराने की बात कही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित शिक्षकों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




