Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्क

बसना के मंगल भवन में होली की धूम: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने नगाड़े की थाप पर लगाए ठुमके, क्षेत्रवासियों को दी सौगात

बसना। रंगों का पावन पर्व होली पूरे भारतवर्ष के साथ-साथ छत्तीसगढ़ में भी बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में बसना नगर के मंगल भवन में भव्य ‘होली मिलन समारोह’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए, जहाँ उन्होंने भक्ति और उल्लास के संगम के बीच क्षेत्रवासियों के साथ होली खेली।

कार्यक्रम का औपचारिक आगाज़ विधायक डॉ. संपत अग्रवाल द्वारा भगवान राधा-कृष्ण के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना करते हुए उपस्थित जनसमूह को प्रेम के रंगों में सराबोर होने का संदेश दिया।

समारोह का मुख्य आकर्षण विधायक डॉ. संपत अग्रवाल का सहज और आत्मीय अंदाज रहा। कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच पहुँचकर उन्होंने न केवल गुलाल उड़ाया, बल्कि स्वयं नगाड़ा थामकर उसकी थाप पर जमकर ठुमके लगाए। विधायक को अपने बीच इतने हर्षोल्लास में देखकर वहां मौजूद लोग भी खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए। इस दौरान सभी ने उन्हें अबीर-गुलाल लगाकर आशीर्वाद लिया और होली की बधाई दी।त्योहार की खुशी को दोगुना करने के लिए डॉ. संपत अग्रवाल ने उपस्थित जनों को उपहार स्वरूप गुलाल, रंग, पिचकारी और मिठाइयां भेंट कीं।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि यह ईर्ष्या, द्वेष और अहंकार को मिटाकर आपसी भाईचारे को गले लगाने का पर्व है। जिस प्रकार होली के अलग-अलग रंग एक साथ मिलकर उत्सव को सुंदर बनाते हैं, उसी प्रकार हम सबको भी जाति-पाति के भेदभाव से ऊपर उठकर बसना के विकास के लिए एक सूत्र में बंधना है। मेरा प्रयास है कि हर घर में खुशहाली आए और कोई भी गरीब त्योहार की खुशियों से वंचित न रहे।

मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा के दौरान विधायक ने कहा कि छत्तीसगढ़ की मिट्टी में त्योहारों का एक अलग ही मिठास है। बसना की जनता मेरा परिवार है और अपने परिवार के साथ होली मनाना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। आज के इस आयोजन का उद्देश्य हमारी सनातनी परंपराओं को सहेजना और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ना है। मैं सभी प्रदेशवासियों को होली की मंगलकामनाएं देता हूँ और अपील करता हूँ कि सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त होली खेलें।

होली स्नेह मिलन समारोह के दौरान भाजपा के जिला संयोजक (आर्थिक प्रकोष्ठ) सुमित अग्रवाल ने उपस्थित जनसमूह और क्षेत्रवासियों को पर्व की बधाई देते हुए कहा कि होली का यह पावन त्योहार हमारे जीवन में नई ऊर्जा और खुशियों के रंग भरता है। उन्होंने सभी के सुखद भविष्य और बेहतर स्वास्थ्य की कामना करते हुए प्रेम, शांति और आपसी सद्भाव के साथ इस उत्सव को मनाने का संदेश दिया।

जिला संयोजक (आर्थिक प्रकोष्ठ) सुमित अग्रवाल ने आगे कहा कि यह त्यौहार हमारी समृद्ध सनातनी संस्कृति का प्रतीक है, जो ऊंच-नीच और भेदभाव की दीवारों को गिराकर हमें एक सूत्र में पिरोता है। जिस प्रकार विभिन्न रंगों के मिलन से होली की छटा निखरती है, उसी प्रकार समाज के हर वर्ग का साथ आना ही अंततः हमारे क्षेत्र और राष्ट्र की उन्नति का मार्ग प्रशस्त करता है। आइए, हम सब मिलकर इस उत्सव को समरसता के साथ मनाएं और विकास के संकल्प को दोहराएं।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता एन के अग्रवाल,वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश अग्रवाल,जिला महामंत्री भाजपा महासमुंद जितेंद्र त्रिपाठी, महासमुंद जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार साहू,भाजपा जिला उपाध्यक्ष हरप्रसाद पटेल, महासमुंद भाजपा जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी,बसना नगर पंचायत अध्यक्ष खुशबू अग्रवाल,पिथौरा नगर पंचायत अध्यक्ष देव सिंह निषाद “देवेश भैय्या”,बसना जनपद अध्यक्ष डिलेश्वरी मिलाप निराला,जनपद अध्यक्ष पिथौरा उषा पुरुषोत्तम धृतलहरे, बसना नगर पंचायत उपाध्यक्ष शीत गुप्ता,बसना जनपद पंचायत उपाध्यक्ष मोहित पटेल,पिथौरा जनपद पंचायत उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल,मण्डल अध्यक्ष बसना नरेंद्र यादव, अध्यक्ष महिला मोर्चा दीपा अरुण साहू,सांकरा मण्डल अध्यक्ष हलधर साव ,मंडल अध्यक्ष पिरदा अभिमन्यु प्रधान, पिथौरा मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा,सरपंच संघ अध्यक्ष सतपाल छाबड़ा, जनपद पंचायत बसना सभापति प्रकाश सिन्हा,जिला पंचायत सदस्य सीमा नायक,जिला पंचायत सदस्य जगमोती भोई सहित जनप्रतिनिधिगण व गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button