आधार अपडेशन हेतु आयोजित (एमबीयू) कैंप का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, बच्चों के बायोमेट्रिक अपडेट सुनिश्चित करने के निर्देश

रायपुर। जिले में बच्चों के आधार अपडेशन के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर, छत्तीसगढ़ नगर, टिकरापारा में आयोजित अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) कैंप का कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी 5 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का आधार अपडेट अनिवार्य रूप से कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कैंप में संचालित बायोमेट्रिक प्रक्रिया की जानकारी ली तथा अधिकारियों से कहा कि बच्चों के फिंगरप्रिंट और आईरिस स्कैन का अपडेशन कार्य समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित रूप से किया जाए। उन्होंने कहा कि बायोमेट्रिक अपडेट से आधार डेटा की सुनिश्चित होती है, जिससे बच्चों को भविष्य में शैक्षणिक एवं शासकीय लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी।
अधिकारियों ने बताया कि अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) के तहत 5 से 15 वर्ष की आयु के बच्चों के आधार में फिंगरप्रिंट एवं आईरिस अपडेट करना आवश्यक है। यह अभियान जिले के सभी विद्यालयों में संचालित किया जा रहा है, जिससे अधिकतम बच्चों का आधार अद्यतन किया जा सके। यह प्रक्रिया भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जा रही है।

इस अवसर पर नगर निगम रायपुर के आयुक्त विश्वदीप, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन, एसडीएम नंदकुमार चौबे एवं जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारती सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




