अनुकंपा नियुक्त लिपिकों की प्रदेश स्तरीय बैठक: वसूली व कौशल परीक्षा नियमों में शिथिलता की मांग

रायपुर। आज दिनांक 14 फरवरी 2026 को प्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष रायपुर जवाहर यादव के नेतृत्व में अनुकंपा नियुक्त लिपिकों की प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेशभर से अनुकंपा नियुक्त लिपिक शामिल हुए।

बैठक में लिपिकों की प्रमुख समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें कोष, लेखा एवं पेंशन विभाग द्वारा की जा रही वसूली तथा वर्ष 2024 से शीघ्रलेखन एवं मुद्रलेखन परिषद द्वारा आयोजित कौशल परीक्षा शामिल रही। लिपिकों ने सामान्य अभ्यर्थी और अनुकंपा नियुक्त कर्मचारियों के लिए एक ही मापदंड लागू किए जाने पर आपत्ति जताते हुए इसे अनुचित बताया।
संगठन ने शासन के विभिन्न विभागों में जारी अनुकंपा नियुक्ति आदेशों में भिन्नता तथा एक ही नियोक्ता द्वारा छह माह के भीतर प्रसारित आदेशों में भारी अंतर के कारण वेतन वृद्धि पर की जा रही वसूली को लोकहित में सहानुभूतिपूर्वक शिथिल किए जाने की मांग की। साथ ही, नियुक्ति आदेश जारी होने के बावजूद समय पर कौशल परीक्षा का आयोजन नहीं किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक लाभ से वंचित होना पड़ रहा है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि राजपत्र में केवल शीघ्रलेखन एवं मुद्रलेखन परिषद को ही परीक्षा का एकमात्र विकल्प घोषित किए जाने के शासन के निर्णय का संगठन विरोध करता है। संगठन ने मांग की कि पूर्व की भांति नियोक्ता को भी यह अधिकार दिया जाए कि वह समय-समय पर अपने कर्मचारियों की कौशल परीक्षा आयोजित कर सके, जिससे अधिक से अधिक कर्मचारियों को समय पर वेतन वृद्धि का लाभ मिल सके।
उक्त बैठक में अमितेष तिवारी, राजकुमार साहू, विभोर चतुर्वेदी, नेहा जायसवाल, हनी पांडेय, सोनू शर्मा, दीपक तिवारी, अभिषेक नेताम, लोकेश टेंभरे, रमाकांत मरकाम, मनोजीत राय, गजेन्द्र राहुल साहू एवं लोकनारायण सहित अनेक लिपिक साथी उपस्थित रहे।




