Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

बोरिया कला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास संचालित मिक्सर प्लांट हटाने, एवं मुख्य मार्ग पर पक्का बाउंड्री वॉल निर्माण की मांग को लेकर शांतिपूर्ण धरना सम्पन्न

रायपुर।  बोरिया कला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित ग्रीन्सविले रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी के बैनर तले रहवासियों ने अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं के समाधान हेतु शदाणी चौक से कॉलोनी के मुख्य द्वार तक जाने वाले मार्ग पर एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया। सुबह 10 बजे से बड़ी संख्या में समिति पदाधिकारी एवं कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।

कॉलोनी के समीप संचालित कंक्रीट मिक्सर प्लांट हटाने की प्रमुख मांग

समिति के महासचिव एजाज़ केशर एवं संगठन सचिव राकेश दास वैष्णव ने बताया कि कॉलोनी की समस्याओं को लेकर कई बार हाउसिंग बोर्ड अधिकारियों को आवेदन दिया जा चुका है, किंतु अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है। अध्यक्ष श्री दुबे ने बताया कि कॉलोनी में लगभग तीन हजार से अधिक परिवार निवासरत हैं और निजी व्यक्ति द्वारा संचालित कंक्रीट मिक्सर (क्रशर) प्लांट के कारण भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़कों की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है। महासचिव एजाज़ केशर ने कहा कि प्लांट से निकलने वाली धूल एवं प्रदूषण के कारण पर्यावरण दूषित हो रहा है, पेड़-पौधों को नुकसान पहुंच रहा है तथा रहवासियों के स्वास्थ्य पर भी विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब हाउसिंग बोर्ड की जमीन का उपयोग औद्योगिक गतिविधियों के लिए नहीं करने दिया जाएगा और प्लांट को शीघ्र हटाया जाना चाहिए।

मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की रोक हेतु दोनों ओर पक्का बाउंड्री वॉल निर्माण की अत्यावश्यक मांग

धरना प्रदर्शन के दौरान रहवासियों ने विशेष रूप से यह मांग उठाई कि शदाणी चौक से हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के मुख्य द्वार तक मुख्य मार्ग के दोनों ओर मजबूत एवं ऊँची पक्की बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाए तथा मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों को रोकने हेतु गर्डर का निर्माण शीघ्र से शीघ्र किया जाए ।

उनका कहना है कि भारी वाहनों की निरंतर आवाजाही से सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और बच्चों, बुजुर्गों एवं महिलाओं की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। धूल एवं प्रदूषण के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ रही हैं और कॉलोनी का मुख्य मार्ग औद्योगिक उपयोग में बदलता जा रहा है। समिति ने जोर देकर कहा कि केवल मौखिक आश्वासन पर्याप्त नहीं है, बल्कि स्थायी संरचनात्मक समाधान आवश्यक है। पक्की बाउंड्री वॉल के निर्माण से कॉलोनी की सीमाएं स्पष्ट होंगी, अनधिकृत एवं भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रभावी रोक लगेगी तथा कॉलोनी का आवासीय स्वरूप सुरक्षित रहेगा।

अन्य प्रमुख मांगें

रहवासियों ने कॉलोनी में एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) की समुचित व्यवस्था, नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित करने, साफ-सफाई एवं कचरा निपटान की सुदृढ़ व्यवस्था करने तथा मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण हटाने की मांग भी उठाई। इसके अतिरिक्त अधूरे डामरीकरण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने, कॉलोनी गार्डन का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने तथा एलआईजी बिल्डिंग के पीछे बाउंड्री वॉल की मरम्मत एवं गेट निर्माण कर सम्पूर्ण कॉलोनी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।

मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। शीघ्र ही कॉलोनी का प्रतिनिधिमंडल हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष, आवास एवं पर्यावरण मंत्री तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री से मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराएगा और त्वरित समाधान की मांग करेगा। धरना प्रदर्शन में सर्वश्री एस के वाहने,आर.सी. सोनी, लावण्य तिवारी, दिलीप शर्मा, राहुल सिंह कुशवाह, राजेंद्र सिंह गौर, प्रदीप उपाध्याय, लक्ष्मीकांत कोसरिया, कुंदन शर्मा, जे पी दत्ता,संतोष तिवारी, राजेश द्विवेदी, वीरेंद्र द्विवेदी, अशोक भट्टाचार्य, प्रखर शर्मा, सुशील चंद्रोल, पुष्पेंद्र चौधरी, के.सी. मजूमदार, नीलेश्वर साहू, अनिल पटेल ,सौरभ सिंह, कल्पेश टांक ,परमहंस, बारूनाभ घोष,रामास्वामी, सावियो डी कोस्टा, सुकांत मिश्रा, सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर क्षेत्र के सरपंच हिमाचल साहू एवं उपसरपंच भागीरथी पांडे की भी उपस्थिति रही तथा उन्होंने रहवासियों की मांगों का समर्थन करते हुए संबंधित अधिकारियों से शीघ्र समाधान की अपेक्षा व्यक्त की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button